सौरव गांगुली दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े, क्रिकेट के प्रमुख के रूप में करेंगे काम

इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें सीजन के आगाज से पहले दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक बड़ी अपडेट सामने आई है। दरअसल, पूर्व भारतीय कप्तान और बीसीसीआई प्रमुख सौरव गांगुली की आगामी सत्र के लिए टीम में वापसी हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दादा आईपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए क्रिकेट के प्रमुख होंगे।

आपको बता दें कि इससे पहले सौरव गांगुली बीसीसीआई प्रमुख बनने से पहले दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े थे। इससे पहले मार्च 2019 में दादा दिल्ली कैपिटल्स के सलाहकार रह चुके थे। सौरव गांगुली ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का अध्यक्ष बनने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के मेंटर का पद छोड़ दिया था।

पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने पिछले साल बीसीसीआई अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके बाद रोजर बिन्नी को बीसीसीआई प्रमुख बनाया गया है। बोर्ड में यह पद संभालने से पहले दादा दिल्ली कैपिटल्स के सलाहकार थे।

न्यूज एजेंसी पीटीआई ने आईपीएल सूत्रों के हवाले से बताया है कि सौरव गांगुली का दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी के क्रिकेट निदेशक के रूप में नियुक्त होना तय है। आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के अलावा, सौरव गांगुली दक्षिण अफ्रीका टी20 लीग में ग्रुप की अंतरराष्ट्रीय टीमों दुबई कैपिटल्स और प्रिटोरिया कैपिटल्स के सभी क्रिकेट वर्टिकल्स भी देखेंगे।

आईपीएल सूत्रों के मुताबिक, दादा ने दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने के लिए हामी भर दी है और सभी जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी कर ली गई है। ऐसे में वह चार साल बाद एक बार दिल्ली कैपिटल्स के खेमे में नजर आएंगे। सौरव गांगुली आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स और पुणे वॉरियर्स इंडिया के कप्तान भी रह चुके हैं।

उन्होंने 2008 से 2012 के बीच आईपीएल में 59 मैचों में 25.45 की औसत से 1349 रन बनाए, जिसमें सात अर्धशतक शामिल थे, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 91 रन था। उन्होंने गेंदबाजी में 10 विकेट भी लिए हैं।

 

Leave a Comment