Sarfaraz Khan के बाद उनके भाई ने भी बल्ले से मचाया धमाल, ठोक डाले इतने रन

मुंबई के युवा बल्लेबाज सरफराज खान का बल्ला घरेलू क्रिकेट में आग उगल रहा है। वह एक के बाद एक शतक लगाकर भारतीय चयनकर्ताओं का ध्यान खींच रहे हैं। उनके दमदार प्रदर्शन के बावजूद उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया में जगह नहीं मिली है।

इस पर काफी विवाद भी हुआ था। अब इसी बीच चर्चा में आए हैं सरफराज के भाई मुशीर खान। 25 साल के सरफराज खान के भाई मुशीर खान भी क्रिकेट खेलते हैं। सीके नायडू ट्रॉफी में तिहरा शतक लगाकर वह चर्चा में आ गए हैं।

मुशीर ने खेली 339 रनों की पारी

हैदराबाद के खिलाफ मैच में मुंबई के मुशीर खान ने 339 रन की पारी खेली। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत मुंबई ने 8 विकेट के नुकसान पर 704 (घोषित) रन बनाए। मुशीर खान ने 367 गेंदों में 339 रन बनाए। उनके बल्ले से 34 चौके और 9 छक्के निकले।

मुशीर खान के अलावा मुंबई के विनोद ने भी दोहरा शतक जमाया. उन्होंने 214 रनों की पारी खेली। मुशीर खान मुंबई के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। वह अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी टीम इंडिया की अगुवाई कर सकते हैं।

मुशीर को पिछले रणजी सीजन में मुंबई की टीम में शामिल किया गया था। हालांकि उन्हें प्लेइंग 11 में जगह नहीं मिली। इस सीजन में उनका रणजी में डेब्यू का इंतजार खत्म हुआ। उन्होंने कहा था कि मैं इस दिन का काफी समय से इंतजार कर रहा था।

लेकिन मुझे नहीं पता था कि ये दिन इतनी जल्दी आ जाएगा। उन्होंने कहा कि मैंने अपने पिता और भाई से रणजी ट्रॉफी के बारे में काफी कुछ सुना। जब मुझे मुंबई से डेब्यू करने का मौका मिला तो मेरे पास खुशी बयां करने के लिए शब्द नहीं थे।

मुशीर लंबे समय से स्थानीय क्रिकेट में मुंबई के लिए रन बना रहे हैं। ए डिवीजन में उन्होंने पिछले साल नवंबर में शतक लगाया था। जम्मू-कश्मीर के खिलाफ मैच में उन्होंने 133 गेंदों में 172 रन की पारी खेली थी। मुशीर के प्रदर्शन को देखकर उन्हें फिर से रणजी में खेलने का मौका मिला।

Leave a Comment