अद्भूत कप्तान हैं रोहित शर्मा, कमाल के रिकॉर्ड के साथ आगे बढ़ी है मुंबई इंडियंस

IPL 2023: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सीजन 16 में सिर्फ दो मैच बाकी हैं। चेन्नई सुपर किंग्स पहले ही क्वालीफायर वन में गुजरात टाइटंस को हराकर फाइनल में जगह पक्की कर चुकी है। मुंबई इंडियंस भी फाइनल के करीब आ गई है। एलिमिनेटर मैच में उसने लखनऊ सुपर जायंट्स को 81 रनों से हरा दिया।

अब क्वालीफायर टू में मुंबई इंडियंस का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। इसी के साथ रोहित शर्मा ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि क्यों उन्हें आईपीएल इतिहास का सबसे कामयाब कप्तान माना जाता है। लीग चरण के आधे मैचों तक अंक तालिका में 9वें स्थान पर रहकर मुंबई इंडियंस ने टूर्नामेंट की शुरुआत खराब की थी।

हालांकि, टीम ने दमदार वापसी की और अगले 8 मैचों में से 6 में जीत हासिल की। अब मुंबई इंडियंस के पास अपनी छठी ट्रॉफी जीतने का मौका है। रोहित शर्मा ने 2013 में मध्य सीजन में मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभाली और कप्तान के रूप में अपने पहले सीजन में टीम को ट्रॉफी दिलाई।

छठी बार आईपीएल ट्रॉफी उठाने का मौका

2013 में सीजन के बीच में ही मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालने के बाद रोहित शर्मा ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। टीम ने 2014 में प्लेऑफ में जगह बनाई थी। 2015, 2017, 2019 और 2020 में रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने आईपीएल खिताब अपने नाम किया था।

हालांकि, पिछले दो सालों में टीम का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है। लेकिन अब रोहित शर्मा के नेतृत्व में मुंबई इंडियंस ने शानदार वापसी की है और एक बार फिर चैंपियनशिप की ओर बढ़ रही है। मुंबई इंडियंस के पास रिकॉर्ड छठी बार आईपीएल ट्रॉफी उठाने का मौका है।

Leave a Comment