ऋषभ पंत के लिए खुशखबरी, कार एक्सीडेंट के बाद मेडिकल टीम ने दिया बड़ा अपडेट

भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को लेकर एक अच्छी खबर सामने आ रही है। कार दुर्घटना के बाद मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती ऋषभ पंत को इसी सप्ताह छुट्टी मिल सकती है।

यह जानकारी बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी है। बता दें कि ऋषभ पंत की कार 30 दिसंबर की तड़के दिल्ली से अपने घर रुड़की जाते वक्त दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।

इसके बाद पंत को कई गंभीर चोटें आने के कारण देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिर वहां से एयरलिफ्ट कर मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में शिफ्ट किया गया।

इस हफ्ते अस्पताल से डिस्चार्ज होंगे पंत

बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इनसाइडस्पोर्ट से कहा, ‘उनके स्वास्थ्य में बेहतर सुधार है। मेडिकल टीम की ओर से एक अच्छी खबर आई है। पहली सर्जरी सफल रही है। ये लोग भी जानना चाहते थे।

इसी हफ्ते उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। अधिकारी ने कहा, ‘पंत को एक महीने में एक और सर्जरी की जरूरत होगी। दूसरी सर्जरी कब की जाएगी यह डॉक्टर ही तय करेंगे।

बीसीसीआई की मेडिकल टीम लगातार डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन के संपर्क में है। हमें उम्मीद है कि वह जल्द ही मैदान पर वापसी करेंगे।

इस तरह हुआ था ऋषभ पंत की कार का एक्सीडेंट

बता दें कि दिसंबर 2022 में बांग्लादेश दौरे के बाद ऋषभ पंत क्रिसमस मनाने के लिए सीधे दुबई गए थे। यहां उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ क्रिसमस मनाया। इसके बाद ऋषभ पंत अपने देश लौट गए। दिल्ली से अपनी कार से अपने गृह नगर रुड़की जा रहे थे।

इसी बीच 30 दिसंबर की तड़के ऋषभ पंत की कार का एक्सीडेंट हो गया। हादसा रुड़की के पास गुरुकुल नरसन इलाके में हुआ। ऋषभ पंत कार में अकेले थे और खुद ड्राइव कर रहे थे। पंत ने बताया कि वह विंड स्क्रीन तोड़कर बाहर आ गए।

देहरादून से एयरलिफ्ट कर मुंबई शिफ्ट किया

इस हादसे के बाद ऋषभ पंत को आनन-फानन में रुड़की के सक्षम अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद उन्हें देहरादून के मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां भी पंत के चेहरे और कुछ अन्य जगहों पर मामूली सर्जरी की गई।

लेकिन इसके बाद बीसीसीआई ने एक बड़ा फैसला लिया और पंत को एयरलिफ्ट कर ग्रीन कॉरिडोर के जरिए मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया।

Leave a Comment